गोरखपुर: 10 अंगूठियां दिखाईं, दो हाथ में पहनीं और निकल गई महिला; कैमरे में कैद हुआ खेल
गोरखपुर के रामगढ़ताल में ग्राहक बनकर ज्वेलरी शॉप पहुंची महिला पर दो सोने की अंगूठियां चोरी करने का आरोप है। CCTV में वारदात कैद हुई, पुलिस ने दोनों को ट्रेस किया।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: ज्वेलरी शॉप में ग्राहक बनकर पहुंची एक महिला पर दो सोने की अंगूठियां चोरी करने का आरोप लगा है। रामगढ़ताल थाना क्षेत्र में महिला एक पल्सर सवार युवक के साथ दुकान पर पहुंची थी। लॉकेट और अंगूठियां दिखाने के दौरान दुकानदार का ध्यान भटकाकर दोनों अंगूठियां हाथ में पहनने और साथी के साथ बाइक से फरार होने की बात सामने आई है। पूरी घटना CCTV कैमरे में कैद हुई है।
10 अंगूठियां दिखाने के बाद हुआ खेल
मामला कटरा खिरवानिया चौराहे स्थित रामवचन ज्वेलर्स का है। दुकान संचालक रामवचन के मुताबिक, 6 सितंबर को दोपहर करीब 2:26 बजे महिला और युवक दुकान पर आए। महिला ने सोने का लॉकेट और अंगूठी खरीदने की बात कही।
दुकानदार ने ग्राहक समझकर करीब 10 अंगूठियां दिखाईं। इसी दौरान महिला ने लॉकेट पसंद करने की बात कहते हुए मोटी माला दिखाने को कहा। आरोप है कि बातचीत के बीच युवक ने दो अंगूठियां महिला के हाथ में दीं और उसने दोनों अंगूठियां पहन लीं।
गिनती में कम निकलीं अंगूठियां, CCTV खंगाला
महिला और युवक के दुकान से निकलने के कुछ देर बाद दुकानदार ने जेवरों की गिनती की तो दो अंगूठियां गायब मिलीं। इसके बाद CCTV फुटेज देखी गई। फुटेज में महिला के अंगूठियां पहनने और फिर युवक के साथ दुकान से निकलने की तस्वीरें दिखाई देने की बात कही गई है।
दुकानदार ने आजाद नगर चौकी में शिकायत देकर दोनों अंगूठियों की बरामदगी और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
CCTV से महिला और युवक को ट्रेस करने का दावा
एसपी सिटी निमिष पाटिल ने बताया कि रामगढ़ताल पुलिस को महिला और पुरुष के ग्राहक बनकर दुकान में आने तथा अंगूठी लेकर फरार होने की सूचना मिली थी। पुलिस ने CCTV फुटेज की मदद से दोनों को ट्रेस कर लिया है। वादी की तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अब दोनों की पहचान, गिरफ्तारी और चोरी गई अंगूठियों की बरामदगी की दिशा में कार्रवाई कर रही है।
रिपोर्ट – अमरेंद्र पांडेय, गोरखपुर
यह भी पढ़ें: मृत पशु को लेकर निकला था अंश, रास्ते में हुआ ऐसा हादसा कि मच गई चीख-पुकार



