बिहार के बाढ़ प्रभावितों को मिले राहत : राहुल

- कांग्रेस अध्यक्ष खरगे ने राहत कार्य में जुटने की अपील की
4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
नई दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने बिहार में आई बाढ़ पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए पार्टी कार्यकर्ताओं से पीडि़तों की मदद में जुटने का आह्वान किया है। दोनों नेताओं ने सरकार से राहत और बचाव अभियान में तेजी लाने तथा प्रभावित परिवारों तक अविलंब सहायता पहुंचाने की मांग की। राज्य के 15 जिलों में करीब 5० लाख लोग इस प्राकृतिक आपदा से बुरी तरह प्रभावित हुए हैं।
खरगे और राहुल ने बिहार में बाढ़ से हुए जानमाल के नुकसान पर मंगलवार को दुख जताया तथा पार्टी के कार्यकर्ताओं से प्रभावित लोगों की मदद के लिए हाथ बढ़ाने अपील की। खरगे ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, बिहार में बाढ़ से हुई जनहानि अत्यंत पीड़ादायक है। शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। उन्होंने कहा कि 15 जिलों में करीब 5० लाख लोग बाढ़ से प्रभावित हैं और हजारों गांवों में जनजीवन अस्त-व्यस्त है।



