रेलवे स्टेशन मास्टर भर्ती में बदला परीक्षा पैटर्न, अब नहीं होंगी दो लिखित परीक्षाएं
रेलवे बोर्ड के 7 अक्टूबर 2026 के निर्देशों के अनुसार, वर्ष 2026 से स्टेशन मास्टर पदों पर भर्ती के लिए अलग से केंद्रीयकृत रोजगार अधिसूचना (CEN) जारी की जाएगी।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: भारतीय रेलवे में स्टेशन मास्टर बनने की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए भर्ती प्रक्रिया से जुड़ा बड़ा अपडेट सामने आया है।
रेलवे बोर्ड के 7 अक्टूबर 2026 के निर्देशों के अनुसार, वर्ष 2026 से स्टेशन मास्टर पदों पर भर्ती के लिए अलग से केंद्रीयकृत रोजगार अधिसूचना (CEN) जारी की जाएगी। साथ ही, चयन प्रक्रिया में एक चरण की कंप्यूटर आधारित लिखित परीक्षा (CBT) का प्रावधान किया गया है। इसके बाद अभ्यर्थियों को कंप्यूटर आधारित एप्टीट्यूड टेस्ट (CBAT), दस्तावेज सत्यापन और मेडिकल परीक्षण की प्रक्रिया से गुजरना होगा।
स्टेशन मास्टर भर्ती के परीक्षा पैटर्न में क्या बदला?
रेलवे बोर्ड के निर्देशों के मुताबिक, स्टेशन मास्टर पद के लिए भर्ती प्रक्रिया को अलग से आयोजित करने की व्यवस्था की गई है। इसके तहत अब इस पद के लिए अलग भर्ती अधिसूचना जारी की जाएगी। इससे अभ्यर्थियों को स्टेशन मास्टर भर्ती से संबंधित पात्रता, चयन प्रक्रिया और अन्य जरूरी शर्तों की जानकारी अलग से मिल सकेगी।
नई व्यवस्था में लिखित परीक्षा के लिए एक चरण का CBT निर्धारित किया गया है। हालांकि, इसका मतलब यह नहीं है कि चयन केवल लिखित परीक्षा के आधार पर ही पूरा हो जाएगा। लिखित परीक्षा में प्रदर्शन के आधार पर योग्य अभ्यर्थियों को अगले चरण यानी CBAT के लिए शॉर्टलिस्ट किया जाएगा।
रेलवे स्टेशन मास्टर भर्ती का पुराना एग्जाम पैटर्न क्या था?
RRB अभी तक स्टेशन मास्टर के पद NTPC ग्रेजुएट लेवल भर्ती के माध्यम से भरता था. इसी कड़ी में स्टेशन मास्टर का एग्जाम पैटर्न NTPC ग्रेजुएट लेवल भर्ती की तरह ही था, जिसके तहत कैंडिडेट्स को दो फेज में लिखित परीक्षा देनी होती थी. पहले फेज में कंप्यूटर आधारित पहली परीक्षा (CBT-1) आयोजित होती थी. इसमें सफल होने वाले कैंडिडेट्स के लिए CBT-2 का आयाेजन किया जाता था. CBT-2 में सफल हुए कैंडिडेट्स के लिएसाइको यानी कंप्यूटर आधारित एप्टीट्यूड टेस्ट (CBAT) आयोजित किया जाता था.
अब एक CBT, फिर CBAT होगा
अब नई व्यवस्था के तहत इंडियन रेलवे RRB स्टेशन मास्टर के पद भरने के लिए NTPC ग्रेजुएट लेवल भर्ती से अलग नोटिफिकेशन जारी करेगा. तो वहीं इसके साथ ही स्टेशन मास्टर भर्ती के लिए एग्जाम पैटर्न में बदलाव किया गया है. नया एग्जाम पैटर्न 2026 से लागू होगा. इस बदलाव के तहत स्टेशन मास्टर भर्ती के लिए एक ही ऑनलाइन लिखित परीक्षा आयोजित होगी. पद संख्या की तुलना में 8 गुना कैंडिडेट्स कोकंप्यूटर बेस्ड एप्टीट्यूड टेस्ट (साइको टेस्ट) के लिए बुलाया जाएगा.
70-30 फीसदी के वेटेज से बनेगी मेरिट
नई व्यवस्था में स्टेशन मास्टर भर्ती के लिए होने वाले साइको टेस्ट के लिए नंबर निर्धारित किए गए हैं. मसलन, फाइनल मेरिट में साइको टेस्ट के नंबरों को भी वेटेज मिलेगा. फाइलन मेरिट बनाने में 70 फीसदी वेटेज लिखित परीक्षा के नंबरों को मिलेगा तो वहीं 30 फीसदी वेटेज साइको टेस्ट के नंबरों को मिलेगा. इसके बाद 1:1 के अनुपात में अभ्यर्थियों को दस्तावेज सत्यापन और मेडिकल जांच के लिए बुलाया जाएगा.



