पैसों की भूख ने बहनों को बना दिया इनामी!

- श्रद्धा दुबे पर बेटे की हत्या और ब्लैकमेलिंग का मां ने लगाया आरोप
- शिवा शर्मा हत्याकांड में श्रद्धा दुबे, बहन रश्मि और ड्राइवर दानिश पर 25-25 हजार का इनाम
4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
लखनऊ। मोहब्बत, दौलत और शोहरत के बीच उलझी शिवा शर्मा की मौत की कहानी अब हत्या के मुकदमे और तीन आरोपियों पर घोषित 75 हजार रुपये के इनाम तक पहुंच गई है। जिस श्रद्धा दुबे के साथ शिवा ने जिंदगी बिताने का रिश्ता जोड़ा था, उसी पर अब मृतक की मां रंजना शर्मा ने अपने बेटे को ब्लैकमेल करने, प्रताडि़त करने और हत्या किए जाने का गंभीर आरोप लगाया है।
मामले में लखनऊ हजरतगंज पुलिस के उपायुक्त ने श्रद्धा दुबे, उसकी बहन रश्मि दुबे और ड्राइवर तनवीर अली उर्फ दानिश पर अलग-अलग 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। तीनों दर्ज हत्या के मुकदमे में वांछित हैं। मां रंजना शर्मा ने आरोप लगाया है कि श्रद्धा दुबे उनके बेटे को पिछले कई महीनों से ब्लैकमेल कर रही थी। कथित तौर पर निजी वीडियो वायरल करने, बदनाम करने और दोबारा जेल भिजवाने की धमकियां दी जाती थीं। रंजना शर्मा के मुताबिक, श्रद्धा अपने प्रभावशाली संपर्कों का हवाला देकर शिवा पर दबाव बनाती थी। बेटे के शरीर पर चोटों के निशान दिखाई देने पर जब वह पूछती थीं तो शिवा बात टाल देता था। मां ने अपने बेटे की मौत को सामान्य हादसा मानने से इनकार करते हुए हत्या की आशंका जताई है। उनका आरोप है कि शिवा को लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताडि़त किया जा रहा था। शिवा शर्मा और श्रद्धा दुबे की मुलाकात एक क्लब में होने की बात सामने आई है। दोस्ती के बाद दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और दोनों लिव-इन रिलेशनशिप में रहने लगे।
मां मांग रही इंसाफ, पुलिस के सामने कई सवाल
शिवा शर्मा की मौत के बाद मां रंजना शर्मा लगातार न्याय की मांग कर रही हैं। उनका आरोप है कि उनके बेटे को ब्लैकमेल किया गया और उसकी हत्या की गई।अब पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर अवध ग्रीन अपार्टमेंट की चौथी मंजिल पर उस दिन क्या हुआ था? शिवा किन परिस्थितियों में नीचे गिरा? घटना के समय वहां मौजूद लोगों की क्या भूमिका थी?



