बिहार में शराबबंदी, लेकिन स्कूल में सजी शराब की महफिल! नालंदा से चौंकाने वाला मामला
बिहार के नालंदा में सरकारी स्कूल परिसर में शराब पीने का वीडियो वायरल होने से हड़कंप मच गया है। वीडियो में कुछ युवक स्कूल के बरामदे में शराब पीते नजर आ रहे हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दोषियों पर शराबबंदी कानून के तहत कार्रवाई की बात कही है।

4पीएम न्यूज़ नेटवर्क: बिहार में शराबबंदी कानून को लागू हुए कई साल हो चुके हैं। सरकार अक्सर दावा करती है कि राज्य में शराब पर पूरी तरह रोक है। लेकिन जमीनी हकीकत कई बार इन दावों से अलग तस्वीर दिखाती है। ताजा मामला बिहार के मुख्यमंत्री के गृह जिले नालंदा से सामने आया है, जहां एक सरकारी स्कूल के परिसर में ही शराब की महफिल सजाने का वीडियो वायरल हो गया। बताया जा रहा है कि इस वीडियो में कुछ युवक स्कूल के बरामदे में बैठकर खुलेआम शराब पीते नजर आ रहे हैं। घटना सामने आने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
स्कूल परिसर में ही बना लिया ‘मयखाना’
यह मामला बिहार शरीफ प्रखंड के डुमरामा उत्क्रमित मध्य विद्यालय का बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार यह घटना महावीर जयंती के दिन की है। जहां एक ओर पूरा देश इस पावन पर्व को श्रद्धा के साथ मना रहा था, वहीं स्कूल के बरामदे में कुछ युवक बैठकर जाम से जाम टकराते दिखाई दिए। वायरल वीडियो में साफ दिख रहा है कि चार से पांच युवक आराम से बैठकर शराब पी रहे हैं।
वीडियो में शराब की बोतल और सिगरेट के पैकेट
वायरल वीडियो में युवकों के सामने अंग्रेजी शराब की बोतल और सिगरेट के पैकेट भी दिखाई दे रहे हैं। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि इस महफिल में स्कूल शिक्षा समिति की सचिव के पति अजीत कुमार के भी शामिल होने की बात सामने आ रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस व्यक्ति की जिम्मेदारी स्कूल की व्यवस्था को बेहतर बनाने में सहयोग देना हो, अगर वही इस तरह की गतिविधि में शामिल हो जाए तो यह बेहद चिंताजनक बात है। जिस स्कूल परिसर में बच्चे पढ़ाई करने आते हैं, वहीं शराब पीने की घटना ने पूरे इलाके में चर्चा छेड़ दी है।
यह भी पढ़ें: रामनगरी में गौतम अदाणी: आस्था, असर और कल्चर कनेक्ट का नया अध्याय
प्रधानाध्यापक ने बताई अपनी मजबूरी
इस पूरे मामले पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक ब्रज बिहारी ने अपनी मजबूरी जाहिर की है। उनका कहना है कि स्कूल परिसर में बाउंड्री वॉल नहीं है। इसी वजह से स्कूल बंद होने के बाद अक्सर असामाजिक तत्व यहां जमा हो जाते हैं। प्रधानाध्यापक के अनुसार उन्होंने पहले भी कई बार स्कूल की घेराबंदी के लिए आवेदन दिया था, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। सुरक्षा व्यवस्था कमजोर होने का ही नतीजा है कि ऐसी घटनाएं सामने आ रही हैं।
पुलिस ने शुरू की जांच
मामले को गंभीरता से लेते हुए सदर डीएसपी-1 नुरुल हक़ ने कहा है कि पुलिस को वीडियो मिला है और उसकी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि वीडियो में दिख रहे लोगों की पहचान की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ बिहार के शराबबंदी कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
शराबबंदी पर फिर उठे सवाल
बिहार में शराबबंदी लागू होने के बावजूद समय-समय पर शराब से जुड़े मामले सामने आते रहते हैं। अब सरकारी स्कूल परिसर में शराब पीने की घटना ने एक बार फिर कानून के असर और उसकी निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस जांच कर रही है और उम्मीद की जा रही है कि जल्द ही इस मामले में आगे की कार्रवाई सामने आएगी।
यह भी पढ़ें: ईरान युद्ध को लेकर ट्रंप की बेचैनी, विदेश मंत्री ने कहा-पूर्ण युद्ध विराम पर ही बनेगी बात



