भारत और इंग्लैंड के बीच चौथा टी20 मैच आज

  • शर्मनाक हार के बाद वैभव की जगह सैमसन की हो सकती है वापसी

4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
नई दिल्ली। आईपीएल 2026 में धमाल मचाने वाले भारतीय बल्लेबाज ब्रिटेन दौरे पर फुस्स साबित हुए हैं। आयरलैंड के खिलाफ पहले सीरीज में हार मिली और अब इंग्लैंड के खिलाफ भी टीम इंडिया लगातार दो मैच हार गई है। ऐसे में भारत के पास सीरीज बचाना सबसे बेहतर रास्ता है। हालांकि, इसके लिए उन्हें अगले दो मैचों में जीत हासिल करनी होगी। नॉटिंघम में खेले गए तीसरे मुकाबले में भारत की बल्लेबाजी बुरी तरह से फ्लॉप रही और टीम इंडिया मात्र 76 रनों पर सिमट गई। उन्हें मैच में 125 रनों की करारी हार झेलनी पड़ी। ऐसे में कप्तान श्रेयस अय्यर और हेड कोच गौतम गंभीर चौथे टी20 मैच में कुछ बदलाव कर सकते हैं।
भारत की प्लेइंग-11 में टॉप-3 में सभी बाएं हाथ के बल्लेबाज हैं। इसमें अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी और ईशान किशन शामिल हैं। ऐसे में विपक्षी टीम को एक तरह की रणनीति बनाने का मौका मिलता है। गेंदबाजों को भी फील्डिंग में अधिक बदलाव नहीं करने पड़ते हैं। दूसरी तरफ अगर दाएं और बाएं हाथ की जोड़ी होती है, तो बॉलर्स को भी दिक्कत होती है और उन्हें लाइन-लेंथ में बदलाव करना पड़ता है। इस समस्या को दूर करने के लिए संजू सैमसन एक अच्छे विकल्प हो सकते हैं। लगातार दो मैचों में हार के बाद और ईशान किशन-वैभव सूर्यवंशी के फेल होने की वजह से दोनों में से किसी एक को बाहर किया जा सकता है। संजू ने ओपनिंग में टीम इंडिया के लिए अच्छा किया है और ऐसे में वैभव पर गाज गिर सकती है। उनकी जगह संजू को टीम में शामिल किया जा सकता है। इंग्लैंड में परिस्थितियां तेज गेंदबाजों को मदद करती हैं। टीम में अक्षर पटेल के रूप में पहले से ही एक स्पिनर मौजूद हैं। ऐसे में कप्तान अय्यर और कोच गंभीर एक स्पिनर के साथ जा सकते हैं। टीम में प्रसिद्ध कृष्णा की वापसी हो सकती है।

इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट से पहले भारत को झटका, प्रतिका बाहर

लंदन। इंग्लैंड के खिलाफ लॉर्ड्स के ऐतिहासिक मैदान पर होने वाले एकमात्र महिला टेस्ट मैच से पहले भारतीय टीम को एक बड़ा झटका लगा है। टीम की स्टार सलामी बल्लेबाज प्रतिका रावल चोट के कारण इस मुकाबले से बाहर हो गई हैं। 25 वर्षीय दाएं हाथ की बल्लेबाज प्रतिका रावल को पिछले हफ्ते टांटन में इंग्लैंड ए के खिलाफ इंडिया ए का प्रतिनिधित्व करने के दौरान घुटने में गंभीर रूप से चोट लग गई थी। इस चोट के कारण उन्हें टेस्ट मैच के लिए अनुपलब्ध घोषित कर दिया गया है। टीम के मुख्य कोच अमोल मजूमदार ने बुधवार को मैच से पहले इस बात की जानकारी दी है कि प्रतिका इस मैच का हिस्सा नहीं होंगी। प्रतिका रावल के बाहर होने के बाद चयनकर्ताओं ने प्रिया पूनिया को रिप्लेसमेंट के तौर पर टीम में शामिल किया है। बाएं हाथ की बल्लेबाज प्रिया पूनिया ने इंडिया ए के इंग्लैंड दौरे पर बेहतरीन प्रदर्शन किया है। वह वनडे सीरीज में भारत ए के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाली बल्लेबाज थीं, जहां उन्होंने 57 की औसत से 171 रन बनाए, जिसमें 87 रन उनका सर्वोच्च स्कोर रहा।

Related Articles

Back to top button