शिक्षा मंत्री की बैठक के बाद NTA में बड़ा बदलाव, 600 एक्सपर्ट होंगे बाहर

शिक्षा मंत्री प्रह्लाद जोशी ने एनटीए की परीक्षा प्रणाली को मजबूत करने का निर्देश दिया, जिसमें परीक्षा टीम में बदलाव, चार-स्तरीय पेपर चेकिंग और दफ्तरों की सुरक्षा को और सख्त करना शामिल है.

4पीएम न्यूज नेटवर्क: शिक्षा मंत्री प्रह्लाद जोशी ने एनटीए की परीक्षा प्रणाली को मजबूत करने का निर्देश दिया, जिसमें परीक्षा टीम में बदलाव, चार-स्तरीय पेपर चेकिंग और दफ्तरों की सुरक्षा को और सख्त करना शामिल है.

एनटीए (NTA) की परीक्षा व्यवस्था को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रह्लाद जोशी ने फॉलो-अप बैठक की, जिसमें उन्होंने परीक्षाएं सुचारू रूप से आयोजित करने के लिए जरूरी सुरक्षा और बुनियादी सुविधाएं मजबूत करने के निर्देश दिए.

शिक्षा मंत्री के निर्देशों के बाद नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) के डायरेक्टर जनरल (DG) ने एनटीए द्वारा की गई कार्रवाई के बारे में जानकारी दी. उन्होंने बताया कि परीक्षा टीम में बड़ा बदलाव किया गया है, जिसके तहत 600 विशेषज्ञों को हटाया गया है और नए विशेषज्ञों को शामिल किया गया है.

उन्होंने आगे बताया कि परीक्षा के पेपर की जांच को और मजबूत करने के लिए चार-स्तरीय प्रश्न-पत्र जांच प्रणाली लागू की जाएगी. इसके अलावा अगले दो-तीन हफ्तों में 20-25 अधिकारियों को शामिल किया जाएगा, जबकि आगे और अधिकारियों को शामिल करने की योजना की भी समीक्षा की गई. डायरेक्टर जनरल ने कहा कि NTA के दफ्तरों को जल्द से जल्द नई जगह पर शिफ्ट किया जाएगा, जहां CISF की टीमों के जरिए सुरक्षा को और मजबूत किया जाएगा.

दरअसल, ये उपाय ऐसे समय में आए हैं जब एनटीए परीक्षाओं की निष्पक्षता, पारदर्शिता और सुरक्षा पर लगातार जोर दे रहा है. यह एजेंसी जेईई (मेन), नीट (यूजी), सीयूईटी (यूजी) और यूजीसी-नेट सहित प्रमुख प्रवेश और पात्रता परीक्षाओं का संचालन करती है.

NTA ने 50 से अधिक कर्मचारियों को हटाया

इससे पहले शिक्षा मंत्रालय ने 17 अगस्त को कहा था कि राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (एनटीए) ने हालिया परीक्षा विवादों को देखते हुए अपनी परीक्षा प्रणाली में सुधारात्मक उपायों के तहत 50 से अधिक कर्मचारियों को हटा दिया है और 10 नए पेशेवर नेतृत्व पदों के लिए भर्ती शुरू किया है.

इन पदों पर की जा रहीं भर्तियां

मंत्रालय के मुताबिक, चीफ टेक्नोलॉजी ऑफिसर, चीफ फाइनेंस ऑफिसर, चीफ इन्फॉर्मेशन सिक्योरिटी ऑफिसर, टेस्ट सिक्योरिटी के लिए जनरल मैनेजर और रिसर्च एंड डेवलपमेंट एंड साइकोमेट्रिक्स के लिए जनरल मैनेजर सहित नए पदों पर भर्तियां की जा रही हैं. इसमें यह भी कहा गया है कि साइबर सिक्योरिटी, साइकोमेट्रिक्स और प्रश्नपत्र डिजाइन जैसे क्षेत्रों के लिए प्राइवेट सेक्टर से विशेषज्ञों को लाया जा रहा है.

Related Articles

Back to top button