भारत और वेस्टइंडीज के बीच दूसरा टी20 मैच आज

- संजू सैमसन की जगह वैभव सूर्यवंशी को मिल सकता है मौका
4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
रांची। भारत और वेस्टइंडीज के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज का दूसरा मुकाबला शुक्रवार को रांची के जेएससीए इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। सीरीज के पहले मैच में शानदार जीत दर्ज करने के बाद भारतीय टीम की नजर अब रांची में भी जीत हासिल कर बढ़त मजबूत करने पर होगी। टीम इंडिया ने जेएससीए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में अब तक चार टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं। इनमें भारत ने तीन मुकाबले जीते हैं, जबकि एक मैच में उसे हार का सामना करना पड़ा है। भारतीय टीम ने रांची में अपना पिछला टी20 मुकाबला 2023 में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेला था। उस मैच में न्यूजीलैंड ने भारत को 21 रन से हराया था।
वहीं संजू सैमसन को छोडक़र भारत के सभी बल्लेबाज फॉर्म में हैं और इसलिए टीम प्रबंधन आज वेस्टइंडीज के खिलाफ होने दूसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी को अभिषेक शर्मा के साथ पारी का आगाज करने के लिए भेज सकता है। भारतीय टीम पांच मैचों की सीरीज में 2-0 की बढ़त बनाने के इरादे से उतरेगी, लेकिन उसके लिए सैमसन का खराब प्रदर्शन चिंता का विषय बना हुआ है। सैमसन पिछली चार पारियों में केवल 29 रन बना पाए हैं जिनमें उनका उच्चतम स्कोर 11 है। उनकी असफलता के कारण भारत को इन मैच में अच्छी शुरुआत नहीं मिल पाई। लेकिन पिछले मैच में टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपना पहला शतक लगाने वाले कप्तान श्रेयस अय्यर की अगुआई में मध्य क्रम ने सैमसन की असफलता का टीम पर खास असर नहीं पडऩे दिया।
गेंदबाजी संयोजन में बदलाव पर हो सकता है विचार
भारत अपनी तेज गेंदबाजी संयोजन में भी बदलाव पर विचार करेगा। लखनऊ में खेले गए पहले टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच के पहले ओवर में ही मयंक यादव ने 16 रन लुटा दिए थे। वह बीच के ओवरों और अंतिम ओवरों में भी महंगे साबित हुए। भारत ऑलराउंडर नीतीश कुमार रेड्डी को टीम में शामिल करने और उन्हें नई गेंद से गेंदबाजी करवाने के बारे में सोच सकता है, हालांकि वनडे सीरीज के दौरान यह प्रयोग खास सफल नहीं रहा था। स्पिन विभाग की बात करें तो कुलदीप यादव के साथ अक्षर पटेल के जुडऩे से टीम को मजबूती मिली है। इन दोनों ने पहले मैच में दो-दो विकेट लिए थे। इसके अलावा युवा ऑलराउंडर नमन धीर का प्रदर्शन भी भारत के लिए सकारात्मक पहलू है जिन्होंने अपनी ऑफ स्पिन गेंदबाजी से 31 रन देकर तीन विकेट लिए थे।



