न्यूजीलैंड टूर के लिए भारत की टेस्ट व वनडे टीम घोषित

  • शमी को नहीं मिला मौका, आकाशदीप की वापसी, पंत की फिटनेस पर नजर

4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
नई दिल्ली। बीसीसीआई ने न्यूजीलैंड दौरे पर होने वाली दो मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए भारतीय टीम की घोषणा कर दी है। शुभमन गिल को टीम की कमान सौंपी गई है, जबकि केएल राहुल उपकप्तान की जिम्मेदारी निभाएंगे। अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी को टीम में जगह नहीं मिली है। वहीं, तेज गेंदबाज आकाश दीप की एक साल से अधिक समय बाद टेस्ट टीम में वापसी हुई है। ऋ षभ पंत को भी टीम में शामिल किया गया है, लेकिन उनकी उपलब्धता फिटनेस पर निर्भर करेगी।
टीम में पंत के साथ ध्रूव जुरेल को भी विकेटकीपर के तौर पर चुना गया है। ऐसे में पंत की फिटनेस और मैच खेलने की स्थिति पर चयनकर्ताओं तथा टीम प्रबंधन की नजर रहेगी। टीम में मोहम्मद शमी का नाम शामिल नहीं है। उनकी वापसी को लेकर चर्चाएं थीं, लेकिन चयनकर्ताओं ने उन्हें टीम में जगह नहीं दी। दूसरी ओर, आकाश दीप की वापसी भारतीय तेज गेंदबाजी आक्रमण के लिए अहम मानी जा रही है। वहीं वनडे सीरीज के शुरुआती तीन मुकाबलों में शुभमन गिल टीम की कप्तानी करेंगे, जबकि उपकप्तान श्रेयस अय्यर को अंतिम दो मैचों के लिए कप्तानी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं, ईशान किशन को चौथे और पांचवें वनडे के लिए उपकप्तान बनाया गया है। टेस्ट और वनडे सीरीज के बीच कम समय को ध्यान में रखते हुए चयनकर्ताओं ने टीम में यह बदलाव किया है। शुभमन गिल शुरुआती तीन वनडे मुकाबलों में 16 सदस्यीय भारतीय टीम का नेतृत्व करेंगे। केएल राहुल के अलावा तेज गेंदबाज अंशुल कंबोज और प्रसिद्ध कृष्णा केवल शुरुआती तीन वनडे मुकाबलों के लिए टीम का हिस्सा होंगे। प्रसिद्ध कृष्णा की उपलब्धता उनकी फिटनेस और बाईं हैमस्ट्रिंग की चोट से उबरने पर निर्भर करेगी। वनडे टीम में मोहम्मद शमी और भुवनेश्वर कुमार को जगह नहीं मिली है।

स्मृति मंधाना के कप्तानी युग का जीत से आगाज

रायपुर। भारतीय महिला टीम ने जिम्बाब्वे के खिलाफ तीन मैचों की टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज का आगाज जीत के साथ किया। रायपुर में खेले गए पहले मुकाबले में भारत ने शुरुआती झटकों से उबरते हुए जिम्बाब्वे को चार विकेट से हरा दिया। जिम्बाब्वे ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में पांच विकेट पर 114 रन बनाए थे। जवाब में भारतीय टीम ने निकी प्रसाद और दीप्ति शर्मा की शानदार पारियों के दम पर 15.4 ओवर में छह विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। इस मुकाबले के साथ ही स्मृति मंधाना के भारतीय टीम की कप्तानी संभालने के नए दौर की शुरुआत भी जीत के साथ हुई। 115 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम ने महज 19 रन के स्कोर पर अपने चार अहम विकेट गंवा दिए। एक समय ऐसा लग रहा था कि जिम्बाब्वे की टीम बड़ा उलटफेर कर सकती है, लेकिन इसके बाद निकी प्रसाद और दीप्ति शर्मा ने जिम्मेदारी संभाली।

Related Articles

Back to top button